रुद्रपुर , अप्रैल 29 -- महिला खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड के रुद्रपुर में ''खेलो इंडिया महिला राष्ट्रीय लीग'' का आयोजन दो और तीन मई को किया जाएगा।

प्रतियोगिता का आयोजन मनोज सरकार स्टेडियम शिवालिक वेलोड्रोम में होगा, जहां देशभर की महिला साइकिलिस्ट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

उत्तराखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में लगभग 120 से 150 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। विभिन्न राज्यों से आने वाली खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि इस लीग का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें। यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।

आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और दर्शकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सफल बनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित