रुद्रपुर , फरवरी 20 -- उत्तराखंड के रुद्रपुर में शुक्रवार को एक जूता कारोबारी अपनी ही दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। कारोबारी के सिर में गोली लगने का घाव है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी ध्रुव चावला सिविल लाइंस में 'शू विला' नाम से जूते की दुकान का संचालन करता है। वह हरजिंदर सिंह के साथ साझेदारी में यह व्यवसाय करता है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हरजिंदर सिंह जब दुकान पहुंचा तो ध्रुव चावला खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया, उसके सिर में गोली लगी हुई थी। उसने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया।
हरजिंदर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान से एक अवैध देसी तमंचा बरामद किया। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन जांच के दौरान पाया गया कि घटना के समय कैमरे बंद थे।
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे ध्रुव ने अपनी मां से फोन पर बात कर कहा था कि वह जल्द घर लौटेगा, लेकिन वह रात में घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार सुबह उसकी मां ने उसके साझेदार से संपर्क किया, जिसके बाद हरजिंदर दुकान पहुंचा और यह घटना सामने आई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित