रुद्रपुर , अक्टूबर 15 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले की रूद्रपुर पुलिस ने मुख्य बाजार में हुई चोरी का खुलासा करते हुए बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुद्रपुर मुख्य बाजार से एयर कंडीशनर का कंप्रेशर चोरी होने के संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस को बुधवार रात को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध सेल्स टैक्स कार्यालय के पास नई मंडी समिति की ओर सामान के साथ जा रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुँची और तीनों को सामान सहित पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एसी कम्प्रेशर, मोटर, व्हर्लपूल कंपनी का एसी केबिनेट/आउटर, एसी आउटर के दो सफेद कवर, प्लास्टिक फैन, 45 कनेक्टर वायर और अन्य लोहे का सामान बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपीयों में दीपू (21) निवासी ग्राम शाहापुर, थाना मसौली, बाराबंकी, उत्तर प्रदेश, मुकेश कुमार (21) निवासी ग्राम नौरास, थाना पटरंगा, बाराबंकी, उत्तर प्रदेश और नीरज कुमार (19) निवासी ग्राम शाहापुर, थाना मसौली, बाराबंकी, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

पुलिस को पूछताछ में यह भी पता लगा है कि आरोपी चोरी की एक अन्य घटना में भी शामिल रहे हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित