देहरादून/रूद्रपुर , अगस्त 14 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में अत्याधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। परियोजना के लिए 23.32 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है। वहीं हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए भी 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवस्थापना विकास निधि स्वीकृत की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी देहरादून में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को संपन्न महत्वपूर्ण बैठक में दोनों परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। स्टेडियम निर्माण के लिए पहले भूमि को आवास विभाग के नाम स्थानांतरित किया गया है।

पेयजल निगम की ओर से स्टेडियम निर्माण के लिए 2374.56 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद लगभग 23.32 करोड़ रुपये के आगणन को औचित्यपूर्ण पाया गया।

प्रस्तावित स्टेडियम 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। यहां इंडोर और आउटडोर खेल सुविधाओं के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य बड़े आयोजनों के लिए भी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय युवाओं को फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेलों के अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।

यही नहीं हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए भी 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित