देहरादून , जनवरी 30 -- उत्तराखंड के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर और पिथौरागढ़ के संचालन को पूरी तरह से तैयार है।

विभाग ने दोनों मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सौ-सौ सीटों की स्वीकृति के लिये नेशनल मेडिकल काउंसिल को प्रस्ताव भेज दिया है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने शुक्रवार को बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर और पिथौरागढ़ में एमबीबीएस कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जायेगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा दोनों मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100-100 सीटें की स्वीकृति के लिये राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) को प्रस्ताव भेज दिया गया है।

उन्होंंने कहा कि एनएमसी से स्वीकृति मिलने के बाद रूद्रपुर और पिथौरागढ़ में प्रदेश के युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई का मौका मिल सकेगा साथ ही तराई-भाबर एवं सीमांत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है। जिनके संचालन के लिये विभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली है।

उधम सिंह नगर के जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय रूद्रपुर को चिकित्सा शिक्षा विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है।

यह फैसला राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर के सुचारू संचालन के लिये लिया गया है। जिसका शासनदेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद जिला अस्पताल का प्रशासनिक और वित्तीय नियंत्रण अब मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के अधीन होगा।

इसके साथ ही अस्पताल में एनएमसी के मानकों के अनुसार मेडिकल उपकरण व दवाइयों की व्यवस्था चिकित्सा शिक्षा विभाग की तरफ की जायेगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रुद्रप्रयाग में राजकीय नर्सिंग कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू कर दिया जायेगा। इसके लिये विभाग ने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है।

अधिकारियों ने बताया कि रुद्रप्रयाग नर्सिंग कॉलेज के निर्माण को राज्य सरकार ने 20.4416 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई थी। जिसके तहत कॉलेज में सभी निर्माण कार्य सम्पन्न कर दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित