हरिद्वार , मार्च 12 -- उत्तराखंड में रुड़की नगर निगम के सफाई कर्मियों की जारी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई दिनों से कूड़ा न उठने के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं और उठ रही बदबू से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था निजी कंपनी को सौंपने के निर्णय के विरोध में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं।

कर्मचारियों की मांग है कि वर्ष 2003 और 2004 से कार्यरत सभी कर्मचारियों को स्थायी किया जाए, उन्हें 30 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाए तथा मृतक स्वच्छता समिति के आउटसोर्स कर्मचारियों के परिवार को नौकरी और पेंशन की सुविधा दी जाए। इसके अलावा हटाए गए कर्मचारियों को पुनः कार्य पर रखने की भी मांग की जा रही है।

इन मांगों को लेकर देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ से संबद्ध भारतीय मजदूर संघ सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सफाई कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर रखी है। हड़ताल के पांचवें-छठे दिन भी कर्मचारी अपने धरने पर डटे रहे।

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेश घोघलिया ने कहा कि जब तक सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित