हरिद्वार , मार्च 14 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के रुड़की नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल छठे दिन भी जारी रही। कर्मियों ने धरना देते हुए अपनी मांगों को पूरा करने तक हड़ताल खत्म न करने का संकेत दिया है। हड़ताल के कारण शहर की गली-मोहल्लों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। कई स्थानों पर लोगों ने कूड़े में आग लगाकर उसे जलाना शुरू कर दिया है, जिससे दुर्गंध के साथ काला धुआं वातावरण को और अधिक प्रदूषित कर रहा है।

वहीं नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्थायी कर्मचारियों को काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद मेयर अनीता अग्रवाल, एएसडीएम, नगर आयुक्त तथा कई सामाजिक संगठनों के लोगों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर शहर में सफाई अभियान चलाया। किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

नगर निगम परिसर, सिविल लाइन और प्रेम मंदिर सहित कई क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। दूसरी ओर सफाई कर्मियों की हड़ताल को शनिवार कांग्रेस ने समर्थन दे दिया है। महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट पार्टी पदाधिकारियों के साथ धरनास्थल पहुंचे और हड़ताली कर्मियों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया।

जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि महानगर की सेवा में लगे सफाई कर्मियों का किसी भी कीमत पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने उनकी मांगों को उचित ठहराते हुए उनके आंदोलन में सहयोग देने का निर्णय लिया है।

वहीं मेयर पद की पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने भी सफाई कर्मियों का समर्थन करते हुए कहा कि कर्मी अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिन्हें मान लिया जाना चाहिए, ताकि हड़ताल समाप्त हो और शहर में सफाई व्यवस्था फिर से पटरी पर लौट सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित