हरिद्वार, मार्च 14 -- उत्तराखंड में जनपद हरिद्वार में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11.84 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पकड़े गए दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली रुड़की पुलिस ने युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर जा रहे दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 11.84 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसे वे बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित