हरिद्वार , अगस्त 25 -- उत्तराखंड के रुड़की में मंगलवार को दोहरी हत्या की एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो अलग-अलग स्थानों पर दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक मृतका का पति भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना प्रीत विहार में हुई जहाँ ई-रिक्शा से जा रही संगीता नाम की महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके महज़ 10 मिनट बाद गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में संगीता की बहन पुष्पा और उसके पति पर उनके घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित