हरिद्वार, अगस्त 22 -- उत्तराखंड के रुड़की में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कैंटीन बंद कर घर लौट रहे शराब कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि दो बाइक सवार बदमाशों ने अमन को निशाना बनाया और गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए।
गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं, वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के साथ ही हमलावरों के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हमलावरों की तलाश में देर रात तक आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग की गई। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और जांच के दौरान जुटाए जा रहे अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित