हरिद्वार , मार्च 13 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के रुड़की शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होगी।
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि शहर की समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में शहर में रसोई गैस की किल्लत दूर करने, नगर निगम की सफाई व्यवस्था बहाल करने, निगम में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने, नए राशन कार्ड बनाने और आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई। इसके साथ ही शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और देह व्यापार पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित