भोपाल , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा-रायपुर के बीच शुरू हुई हवाई सेवा से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी।
दो दिवसीय रायपुर प्रवास के दौरान उन्होंने वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे क्वींस क्लब में विंध्य समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहां उनका स्वागत किया गया।
श्री शुक्ल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़क और रेल के साथ हवाई सेवाओं का बेहतर होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रीवा से दिल्ली और इंदौर के लिए हवाई सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही उन्होंने रीवा से दुर्ग तक ट्रेन सेवा जल्द शुरू करने के प्रयास का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह हवाई सेवा केवल दूरी ही नहीं, बल्कि दिलों को भी जोड़ने का कार्य करेगी। विधायक किरण सिंहदेव ने इसे महत्वपूर्ण पहल बताया, जिससे आवागमन आसान हुआ है। कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित