प्रयागराज , मई 11 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को प्रयागराज पहुंचकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर उनके पति स्वर्गीय पूरनचंद जोशी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करेंगे। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान (वीटी-एफएई) से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। उनका विमान लगभग 11:45 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेगा। एयरपोर्ट से वह सीधे सिविल लाइंस स्थित डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के आवास '20, मिंटो रोड' के लिए प्रस्थान करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर 12:30 बजे वह शोक सभा में शामिल होंगे और करीब आधा घंटा परिवार के साथ समय बिताएंगे। इसके बाद वह दोपहर एक बजे पुनः एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और अपराह्न लगभग 2:30 बजे लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) लखनऊ, प्रयागराज पुलिस कमिश्नर तथा जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एयरपोर्ट से सिविल लाइंस तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित