प्रयागराज , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से पूर्व भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पति पी.सी. जोशी का सोमवार सुबह लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। उन्होंने सुबह लगभग सात बजे अंतिम सांस ली। इस संबंध में जानकारी स्वयं रीता बहुगुणा जोशी ने अपने एक्स अकाउंट के माध्यम से दी। परिवार के अनुसार, पी.सी. जोशी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और एसजीपीजीआई में उनका उपचार जारी था। सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। पी.सी. जोशी पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर थे और तकनीकी एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। उनका विवाह वर्ष 1976 में रीता बहुगुणा जोशी से हुआ था। वे अपने सरल, मिलनसार और अनुशासित व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे।
परिजनों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम प्रयागराज लाया जाएगा। मंगलवार को प्रयागराज में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित