बेतिया , सितम्बर 16 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में पुलिस अधीक्षक के गोपनीय कार्यालय में प्रतिनियुक्त रीडर नवीन त्यागी पर जानलेवा हमला कर छिनतई का प्रयास करने के मामले में नगर थाना पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि सोमवार की रात नवीन त्यागी अपने साथी सिपाही रितेश कुमार के साथ बाइक से हरिवाटिका चौक की ओर से क्वार्टर लौट रहे थे। इसी दौरान हरिवाटिका चौक से कुछ दूरी आगे युवकों ने दोनों को घेर लिया और छिनतई का प्रयास किया।विरोध करने पर आरोपितों ने नवीन त्यागी पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में उनकी कमर पर चोट लगी। साथी सिपाही की मदद से उन्हें इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।
रीडर के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर सातों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपितों में आर्यन कुमार, विकास कुमार, विनय कुमार, अंकित कुमार, कृष राज, प्रियांशु कुमार और नंदकिशोर प्रसाद शामिल हैं। सभी बस स्टैंड मोहल्ले के निवासी हैं।
सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने बताया कि छिनतई की नीयत से रीडर पर हमला किया गया था। सभी गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित