भरतपुर , मई 07 -- राजस्थान में भरतपुर के चिकसाना थाना क्षेत्र में एक रिसॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान बुधवार देर रात मेहमान बनकर आया एक युवक करीब 16 लाख रुपये के आभूषण और नकदी सहित करीब 20 लाख रुपये की कीमत का सामान लेकर रफूचक्कर हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भरतपुर के आदर्श कॉलोनी निवासी राजेश खंडेलवाल के पुत्र सचिन की छह मई को ज्वाला रिसोर्ट में शादी की दावत के दौरान यह वारदात हुई। विवाह समारोह के दौरान नये कपड़े पहनकर शादी में मेहमान बनकर घुसे युवक ने पहले आराम से नाश्ता किया, फिर करीब डेढ़ घंटे तक पूरे रिसोर्ट में घूम-घूमकर रेकी करता रहा।
पुलिस ने बताया कि उसने इस तरह खुद को परिवार का सदस्य दिखाया कि किसी को उस पर शक तक नहीं हुआ। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन के फेरे शुरू हुए और परिवार रस्मों में व्यस्त हुआ, आरोपी सीधे उस कमरे तक पहुंच गया जहां कन्यादान का बैग रखा था।
आशंका है कि इस पूरी वारदात को किसी संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि रिसोर्ट के बाहर एक गाड़ी खड़ी थी, जिसमें बैठकर आरोपी मौके से फरार हुए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित