हिसार , सितंबर 09 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) हिसार की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भूमि अधिग्रहण विभाग, हिसार में पुनर्नियुक्त पटवारी भूप सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में थाना एसवी एवं एसीबी, हिसार में बुधवार को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता के मामा/फूफा लक्ष्मी नारायण मित्तल के पक्ष में उपायुक्त, हिसार की अदालत ने 33 लाख रुपये की राशि जारी करने के आदेश दिए थे। इसमें से 32 लाख रुपये भूमि अधिग्रहण विभाग, हिसार द्वारा पहले ही जारी किए जा चुके थे। शेष एक लाख रुपये की राशि जारी करने के एवज में आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी हिसार की टीम ने नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पटवारी भूप सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रैप कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित