चंडीगढ़ , अप्रैल 16 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सर्कल कठगढ़, तहसील बलाचौर, जिला एसबीएस नगर में तैनात कानूनगो रमन कुमार को 33,000 रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि यह गिरफ्तारी एसबीएस नगर के एक निवासी द्वारा मुख्यमंत्री के एंटी करप्शन एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत की जांच के दौरान पाया गया कि माननीय अदालत ने शिकायतकर्ता की जमीन की पैमाइश का आदेश दिया था, जिसकी जिम्मेदारी आरोपी रमन कुमार को सौंपी गई थी। आरोपी ने इस कार्य को जटिल बताते हुए 80,000 रिश्वत की मांग की। इसमें से आरोपी ने शिकायतकर्ता से 33,000 ले भी लिए। इसमें उसने 15,000 नकद और 18,000 ऑनलाइन/क्यूआर कोड के माध्यम से रिश्वत के रूप में प्राप्त किए। रिश्वत से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग, ऑनलाइन लेनदेन का विवरण और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित