सुपौल , सितंबर 30 -- बिहार के सुपौल जिले में आंगनबाड़ी सेविका से कथित रूप से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने तथा कार्यों के निष्पादन में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें मिलने के बाद बुधवार को एक महिला पर्यवेक्षिका के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) अंजू कुमारी ने आज बताया कि बाल विकास परियोजना कार्यालय, छातापुर की महिला पर्यवेक्षिका संगीता कुमारी को तत्काल प्रभाव से जिला प्रोग्राम कार्यालय, आईसीडीएस, सुपौल में योगदान करने के निर्देश दिए गये हैं।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित महिला पर्यवेक्षिका के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों एवं वायरल वीडियो के आलोक में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। साथ ही बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, छातापुर को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित महिला पर्यवेक्षिका से सभी सरकारी अभिलेख, दस्तावेज एवं अन्य प्रभार नियमानुसार प्राप्त कर सुरक्षित रखना सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित