खैरथल-तिजारा , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने खैरथल-तिजारा जिले में मुण्डावर पंचायत समिति के विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक काे 65 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी के आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि परिवादी की फर्म मेसर्स अमनदीप को मुण्डावर पंचायत समिति के माध्यम से ग्राम पंचायत मातौर और ग्राम पंचायत नगंली ओजा में सफाई के ठेके जारी किए गए थे। फर्म की ओर से किए गए पाइपलाइन कार्य के बिलों की माप पुस्तिका (एमबी) भरवाने और पूर्व में जारी ठेकों से जुड़े कार्यों के सिलसिले में विकास अधिकारी संजय कुमार यादव द्वारा कथित तौर पर 65 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
सूत्रों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 23 अक्टूबर को सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित दल ने जाल बिछाकर विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को 65 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित