बड़वानी , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित लोकायुक्त संगठन ने बड़वानी जिले के राजपुर में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 एवं लेखा शाखा प्रभारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त संगठन के अनुसार, आरोपी प्रदीप मण्डलोई को शिकायतकर्ता से सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। शिकायत में बताया गया था कि सेवानिवृत्त शिक्षक के पुत्र के निधन के बाद उनकी पुत्रवधु की अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरण मंगाने और वेतन जारी कराने के एवज में आठ हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद ट्रैप दल गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी को कार्यालय के स्थापना कक्ष में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित