आगर-मालवा , जून 04 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले की बड़ौद तहसील में पदस्थ एक पटवारी को लोकायुक्त पुलिस उज्जैन ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार हल्का नंबर आठ के पटवारी राजेश चौहान के खिलाफ ग्राम झलारा निवासी श्रीपालसिंह परिहार ने लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कृषि भूमि के सीमांकन के एवज में पटवारी ने 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार पटवारी 15 हजार रुपये लेने के बाद सीमांकन कर चुका था, लेकिन सीमांकन रिपोर्ट देने के लिए अतिरिक्त पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने बड़ौद तहसील कार्यालय स्थित पटवारी कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक सेजवार तथा लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित