फर्रुखाबाद , जून 19 -- उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की कानपुर इकाई ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को फतेहगढ़ में एक सहायक भूवैज्ञानिक (खनन अधिकारी) और उसके सहयोगी को 24 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति तथा पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशों के अनुपालन में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शिकायतकर्ता द्वारा की गई शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान की कानपुर सेक्टर ट्रैप टीम ने कार्रवाई की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि खेत को समतल करने के लिए उसकी मिट्टी प्लॉट में डालने की अनुमति देने के एवज में अवैध धनराशि की मांग की जा रही है।

जांच के बाद ट्रैप टीम ने फतेहगढ़ स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी के सरकारी आवास टी-3/21 पर छापा मारकर सहायक भूवैज्ञानिक (खनन अधिकारी) संजय प्रताप तथा एक निजी व्यक्ति लखन सिंह को 24 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित