झज्जर , अक्टूबर 12 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने थाना सांपला, रोहतक में तैनात एएसआई को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी दिनबंधु पर शिकायतकर्ता के बेटे और उसके दोस्त को दर्ज आपराधिक मामले में राहत दिलाने तथा मारपीट नहीं करने के बदले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार आरोपी पहले ही 40 हजार रुपये ले चुका था और शेष 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। एसीबी की उपकेंद्र झज्जर की टीम ने जाल बिछाकर उसे रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
आरोपी दिनबंधु पुत्र भागचंद, निवासी गांव खरबाला, जिला हिसार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है। एसीबी ने रिश्वत की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित