पटना , मई 11 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को सीतामढ़ी जिले के पुपरी अंचल स्थित पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय के पीटीसी-सह-रीडर गोविन्द कुमार चौधरी को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रो ने बताया कि सीतामढ़ी जिले के बोखरा थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी जय शंकर शर्मा ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि बोखरा थाना कांड संख्या-109/26 में दर्ज कुछ धाराओं तथा उनके नाबालिग भांजे का नाम हटाने के एवज में रीडर गोविंद कुमार चौधरी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद कांड दर्ज कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता कृपाल चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द कुमार चौधरी को पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय, पुपरी से परिवादी द्वारा रिश्वत दिये जाने के क्रम में गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित