चंडीगढ़ , अगस्त 03 -- राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), फरीदाबाद ने रिश्वतखोरी के एक मामले में नगर निगम एनआईटी फरीदाबाद की तत्कालीन लिपिक मोनिका भाटिया के खिलाफ जांच पूरी कर अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है।

ब्यूरो ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात तथा धारा 13(1)(बी) सहपठित धारा 13(2) के तहत अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, फरीदाबाद की अदालत में चालान पेश किया है।

ब्यूरो के अनुसार एक अधिवक्ता ने अपने पड़ोसी का विवाह प्रमाण-पत्र जारी कराने के लिए नगर निगम में आवेदन किया था। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद तत्कालीन लिपिक मोनिका भाटिया ने प्रमाण-पत्र जारी करने के बदले 2,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने 16 फरवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय में 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के बाद अब आरोपी के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया है। फिलहाल आरोपी जमानत पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित