नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- कृषि विभाग में रिश्वतखोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो विपणन अधिकारियों नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों पर वेयरहाउस (गोदाम) निरीक्षण के दौरान सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपाल में पदस्थ केंद्रीय कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी नीरज वर्मा ने सीहोर जिले के एक वेयरहाउस संचालक से सब्सिडी जारी करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की थी। वहीं, फरीदाबाद में पदस्थ विपणन अधिकारी संदीप दीदावत ने रायसेन स्थित प्रकाश वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान सब्सिडी राशि जारी करने के एवज में संचालक से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतों की पुष्टि और जांच के उपरांत केंद्रीय मंत्री के निर्देशों पर यह निलंबन कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित