नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- रिलायंस फाउंडेशन ने इंटरनेट के सुरक्षित प्रयोग के प्रति , खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से तीन वर्षों के भीतर देशभर में 10 लाख महिलाओं को 'साइबर सखी' के रूप में प्रशिक्षित करने की योजना बनाई है।

फाउंडेशन की सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 'ई-सेफहर' कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह एक साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण पहल है, जिसे भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत काम करने वाली सी-डैक संस्था ('सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग') के साथ मिलकर शुरू किया गया है।

इस कार्यक्रम की शुरुआत मध्य प्रदेश और ओडिशा से की जा रही है । इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को ऑनलाइन सुरक्षा, डिजिटल लेन-देन और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह पहल खास तौर पर उन महिलाओं पर केंद्रित है, जो तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ रही हैं। रिलायंस फाउंडेशन इस कार्यक्रम को देशभर में स्वयं सहायता समूहों और अपने जमीनी नेटवर्क के जरिए आगे बढ़ाएगा, जबकि सी- डैक प्रशिक्षण सामग्री और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित