देहरादून , जून 15 -- रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने सोमवार को उत्तराखंड स्थित भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार नाथ के दर्शन किये और पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डाॅ. हरीश गौड़ ने बताया कि प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी आज प्रातः पहले श्री बदरीनाथ धाम दर्शन को पहुंचे। उसके पश्चात पूर्वाह्न में उन्होंने श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किये। बीकेटीसी ने दोनों धाम में उनका स्वागत किया तथा प्रसाद भेंट किया। उन्होंने बताया कि दर्शन के दौरान उद्योगपति अंबानी ने श्री बीकेटीसी) को कुल 10 करोड़ रुपये की धनराशि के दो चैक भेंट किए। इसमें श्री बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं के लिए पांच करोड़ रुपये तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए अलग से पांच करोड़ रुपये का चैक प्रदान किये।

बदरीनाथ धाम में इस अवसर पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ तथा प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, प्रमोद नौटियाल, भूपेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। जबकि केदारनाथ धाम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य डाॅ. विनीत पोस्ती प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पुजारी टी गंगाधर लिंग, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण, वरिष्ठ सहायक विपिन तिवारी, जेई विपिन कुमार, विवेक शुक्ला, दीपक पंवार, सूरज जमलोकी आदि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित