रियाद/तेहरान , मार्च 03 -- रियाद में अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि उसने अपने मिशन पर ड्रोन हमले के बाद सेवायें स्थगित कर दी हैं । इस ड्रोन हमले से पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग बंद कर दिया गया है और और ईरान ने चेतावनी दी है कि इस रास्ते से गुज़रने की कोशिश करने वाले जहाजों को निशाना बनाया जाएगा। इस जलमार्ग से दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल गुज़रता है।
अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किये गये एक बयान में कहा कि मंगलवार को सभी नियमित और आपातकालीन अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए गए हैं और रियाद, जेद्दा तथा धाहरान में उसके मिशन पर "घर में ही सुरक्षित रहें" के उपाय लागू थे।
बयान में कहा गया, "दूतावास पर हमले के कारण अगली सूचना तक इन स्थानों पर जाने से बचें। हम सभी अमेरिकी . नागरिकों को व्यक्तिगत सुरक्षा योजना बनाए रखने की सलाह देते हैं।"अभी तक इस घटना पर सऊदी अधिकारियों की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि आज सुबह रियाद में अमेरिकी दूतावास को ड्रोन से निशाना बनाया गया, जिससे मामूली आग लगी लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। सऊदी गैजेट के मुताबिक " रियाद में अमेरिकी दूतावास को ड्रोन से लक्षित किया गया था। इस घटना के बाद वहां मामूली आग लगी और बिल्डिंग को थोड़ा नुकसान हुआ।"प्रवक्ता ने कहा कि रियाद के दक्षिण में प्रिंस सुल्तान एयर बेस के पास पांच ड्रोन को पता लगाकर हवा में ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा दो ड्रोन से पूर्वी प्रांत में रास तनुरा ऑयल रिफाइनरी पर हमला करने की कोशिश की गयी थी। इन्हें नष्ट करने के दौरान नागरिक इलाकों के पास मलबा गिरने से रिफाइनरी में मामूली आग लग गई, लेकिन किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच विवाद से एशिया के वित्तीय बाजारों में तेज़ी से गिरावट आई है क्योंकि निवशकों ने बढ़ते झगड़े और सामग्री आपूर्ति में लंबे समय तक रुकावट के खतरे पर प्रतिक्रिया दी है।
इससे ऊर्जा, विमानन, जहाजरानी और यातायात से जुड़े स्टॉक्स पर सबसे ज़्यादा असर पड़ा। दक्षिण कोरिया के प्रमुख बाजार में सुबह कारोबार लगभग पांच प्रतिशत गिरावट के बाद बंद हुआ, जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स लगभग 2.3 प्रतिशत तक गिरा।
इस बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी दी है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के एक अधिकारी ने कहा कि होर्मुज मार्ग को बंद कर दिया गया है और जो जहाज वहां से गुजरने की कोशिश कर रहे हैं। उन पर हमला किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित