बिलासपुर, मार्च 02 -- कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा है कि रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म, परफॉर्म और इन्फॉर्म के मंत्र पर चलकर ही कंपनी नए मुकाम हासिल कर सकती है। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को किसी भी संगठन की स्थायी सफलता की कुंजी बताया।

एसईसीएल के पीआरओ से आज मिली जानकारी के अनुसार श्री त्रिपाठी सोमवार को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर के दौरे पर थे। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में 'मिशन कोल इंडिया लिमिटेड 2026' विषय पर एक विशेष व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कार्यस्थल पर ईमानदारी और नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वास्तविक सुधार केवल प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारी सोच और व्यवहार में भी बदलाव आना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को इंटेग्रिटी प्रतिज्ञा भी दिलाई।

इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी एसईसीएल हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित विभागाध्यक्ष और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इससे पहले अपने दौरे की शुरुआत में त्रिपाठी ने डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों के साथ एक प्रेरक संवाद किया। उन्होंने बच्चों को जीवन के शुरुआती चरण में ही ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपनाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए सच्चरित्र नागरिकों की आवश्यकता होती है। इस दौरान एसईसीएल के सीवीओ हिमांशु जैन भी उनके साथ मौजूद रहे।

श्री त्रिपाठी ने एसईसीएल मुख्यालय में स्थापित डिजीकोल वॉर रूम का भी दौरा किया। उन्होंने यहां डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम और रियल-टाइम डेटा विश्लेषण की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। निर्णय लेने की प्रक्रिया में तकनीकी हस्तक्षेपों को उन्होंने पारदर्शिता और दक्षता का प्रभावी माध्यम बताया। उनका मानना था कि डिजिटल सशक्तिकरण से संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रभावी निगरानी में काफी मदद मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित