भिण्ड , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में दीपावली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौ क्षेत्र में दूध में रिफाइंड तेल और वनस्पति मिलाकर मावा तैयार करने का मामला पकड़ा। टीम ने मौके से 35 किलो मावा और 28 लीटर मिश्रण जब्त किया। इसके अलावा मौ और रावतपुरा क्षेत्र में डेयरियों, किराना दुकानों तथा मिठाई से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावा निर्माण इकाइयों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर ने नायब तहसीलदार बलबीर सिंह भदौरिया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी के साथ मौ क्षेत्र की डेयरियों की जांच की। ग्राम गुमारा में मेहताब सिंह गुर्जर की डेयरी से मावा और घी के नमूने लिए गए। इसके बाद रतवा रोड स्थित हरिराम राठौर की डेयरी में दूध में रिफाइंड तेल और वनस्पति मिलाकर मावा तैयार किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने मावा और मिश्रण के नमूने लेकर 35 किलो मावा तथा 28 लीटर मिश्रण जब्त किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल के अनुसार, शिकायत के आधार पर पुलिस बल के साथ ग्राम रावतपुरा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संजीव त्रिपाठी के त्रिपाठी किराना स्टोर से प्रगति टेस्ट नमक का नमूना लिया गया। ग्राम बिजोरा निवासी मुनेश कुशवाह से बर्फी और अतर सिंह परिहार से बेसन के लड्डू के नमूने भी लिए गए। टीम ने प्रेम नारायण गुप्ता उर्फ पिंटू की दुकान का निरीक्षण किया। विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित