रांची , जुलाई 24 -- झारखंड सरकार ने राजधानी रांची स्थित रिनपास (रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज) के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में Rs.25 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।

।इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। इस राशि से संस्थान में आधारभूत संरचना, चिकित्सा शिक्षा और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्वीकृत राशि का उपयोग रिनपास में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार, नए भवनों के निर्माण, पुराने भवनों के जीर्णोद्धार तथा आधुनिक चिकित्सा मशीनों और आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी विकास कार्य रिनपास की शासी परिषद की स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू किए जाएंगे।

अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुल Rs.25 करोड़ में से Rs.10.19 करोड़ गैर-वेतन मद में बैंक खाते के माध्यम से खर्च किए जाएंगे। वहीं Rs.3.80 करोड़ वेतन मद के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि Rs.11 करोड़ गैर-वेतन मद में पीएल खाते के माध्यम से व्यय किए जाएंगे।

सरकार ने रिनपास की निदेशक डॉ. जयाति सिमलाई को निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अभियंताओं को सौंपी गई है, ताकि सभी परियोजनाएं तय मानकों के अनुरूप पूरी हों।

स्वास्थ्य विभाग ने वित्तीय पारदर्शिता पर भी विशेष जोर दिया है। निर्देश दिया गया है कि सभी खर्चों का नियमित ऑडिट कराया जाए और प्रत्येक माह की 10 तारीख तक व्यय तथा विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट विभाग को अनिवार्य रूप से भेजी जाए।

सरकार का मानना है कि इस वित्तीय सहायता से रिनपास में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा, चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी और मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इससे संस्थान के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित