जयपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रितु बराला मामले को लेकर जयपुर पुलिस आयुक्तालय में कांग्रेस के धरने को राजनीतिक स्वांग करार देते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी नेता राहुल गांधी के इशारे पर प्रदेश कांग्रेस के नेता अपना राजनीतिक कद बढ़ाने की होड़ में लगे हैं।

विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने मंगलवार को बयान में कहा कि रितु बराला मामले में दिल्ली में पहले ही परिवाद प्रस्तुत किए जाने और दिल्ली पुलिस की ओर से जांच किए जाने के बावजूद जयपुर में धरना देना कांग्रेस की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न्याय की मांग के बजाय नेतृत्व की लड़ाई में उलझी हुई है।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने भी धरने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है, तो जयपुर में प्रदर्शन कर दबाव बनाने की कोशिश क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपों की सत्यता का निर्धारण धरने या राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए।

श्री बेढ़म ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि एनएसयूआई नेता रितु बराला के साथ नयी दिल्ली में कथित मारपीट के मामले में जीरो एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जयपुर पुलिस आयुक्तालय पर सोमवार से धरना-प्रदर्शन जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित