सिरसा , अप्रैल 18 -- हरियाणा में सिरसा जिले के गांव अरनियांवाली में एक फाइनेंस कंपनी द्वारा रिण की राशि नहीं चुकाने पर एक परिवार के लोगों को घर से बाहर निकालकर तालाबंदी कर दी।
इस दौरान कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिवार के सभी सदस्यों को घर से बाहर निकाल दिया। परिवार ने इसके बाद विभिन्न किसान संगठनों से मदद की गुहार लगाई।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष मंगेज चौधरी की अगुवाई में शनिवार को अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों की मदद से ताला खोल कर पीडि़त परिवार को वापस घर में प्रवेश कराया गया।
इस मौके पर सभा के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने फाइनेंंस कंपनी की गुंडागर्दी नहीं चलेगी, हरियाणा सरकार मुर्दाबाद सहित अनेक नारे लगाकर रोष का इजहार किया। स्थानीय पुलिस ने इस दौरान किसान नेताओं को हिरासत में लेने का प्रयास भी किया मगर नहीं कर पाए।
अखिल भारतीय किसान सभा के सिरसा जिला समन्वयक हमजिंद्र सिंह ने बताया कि अरनियांवाली निवासी सुभाष मेघवाल ने एक निजी कंपनी से कुछ समय पूर्व रिण लिया था, लेकिन घरेलु परिस्थितियां ठीक नहीं होने के कारण वे रिण की राशि नहीं चुका पाए। इसी के चलते बीते दिवस कंपनी के कर्मचारियों ने घर में मौजूद सुभाष की पत्नी व छोटे बच्चों को बाहर निकालकर मेन गेट को ताला लगा दिया। जिस कारण परिवार सड़क पर आ गया।
सुभाष मेघवाल ने इस बाबत अखिल भारतीय किसान सभा से संपर्क किया और सहयोग की अपील की। अखिल भारतीय किसान सभा के मंडल अध्यक्ष हमजिंदर सिंह सिद्धु जिला संयोजक अखिल भारतीय किसान सभा सिरसा, कृपाशंकर त्रिपाठी, सीटू नेता, भूपिंदर वैदवाला किसान नेता, मदन लाल खोथ जिला अध्यक्ष सर्व कर्मचारी संघ सहित वहां पहुंचे अन्य लोगों ने ग्रामीणों की मदद से आज मंगेज चौधरी की अध्यक्षता में मेन गेट के ताले तोड़कर परिवार के लोगों को घर में प्रवेश कराकर राहत पहुंचाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित