भिण्ड , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में पत्नी की हत्या के एक वर्ष बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आहत एक रिटायर्ड सूबेदार ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भावुक होकर न्याय की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड सूबेदार हरिदास दैयपुरिया पूर्व सैनिकों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के समक्ष पहुंचकर उनके पैर पकड़ लिए और पत्नी के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कराने की अपील की। इस दौरान वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
उल्लेखनीय है कि कल्याणपुरा गांव में 14-15 अप्रैल 2025 की रात सूबेदार की पत्नी सुशीला देवी की छत पर सोते समय अज्ञात बदमाशों ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी घर से सोना-चांदी और लगभग साढ़े चार लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
आज मृतका की पुण्यतिथि पर परिवारजनों, रिश्तेदारों और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने रैली निकालकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सूबेदार दैयपुरिया ने बताया कि वे अब तक कई बार थाना और एसपी कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है।
उन्होंने कहा कि वे कारगिल युद्ध में भी शामिल रहे हैं, लेकिन कभी जीवन बोझ नहीं लगा, जबकि पत्नी की हत्या के बाद जीवन कठिन हो गया है। उनकी इस अपील पर पुलिस अधीक्षक ने 15 दिन का समय मांगते हुए मामले के खुलासे का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित