ग्वालियर , अक्टूबर 05 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पत्नी की आंखों का इलाज कराने आए 64 वर्षीय सेवानिवृत्त फौजी की जेब काटकर बदमाश उनकी पत्नी के सोने के जेवर चोरी कर ले गए। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से अपोलो अस्पताल के बीच की है। पुलिस ने शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भिण्ड निवासी 64 वर्षीय हरिविलास पुत्र हुबलला 16 सितंबर को सुबह करीब 10.15 बजे पत्नी सोहनकली के साथ केरला एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से बाहर निकलने के बाद दोनों टमटम से अपोलो अस्पताल गए। वहां पत्नी की आंखों की जांच के बाद डॉक्टर ने चश्मा बनाया।

अस्पताल में चश्मा पैंट की जेब में रखते समय नीचे गिर गया। चश्मा उठाते समय हरिविलास की नजर पैंट की दाहिनी तरफ अंदर वाली जेब पर गई, जो कटी हुई थी। जेब में रखा सामान देखने पर पत्नी की तीन ग्राम 404 मिलीग्राम वजन की सोने की नथ और चार ग्राम के सोने के कानों के टॉप्स गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी जेवर नहीं मिले। हरिविलास ने आशंका जताई कि रेलवे स्टेशन से अस्पताल तक सफर के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब काटकर जेवर चोरी किए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक संदेही युवक के फुटेज मिले हैं। पीड़ित के अनुसार ई-रिक्शा में सवार होते ही एक युवक उसमें सवार हुआ था। युवक पहले आगे बैठा और बाद में पैर में दर्द बताकर उनके पास आकर बैठ गया। उसे फूलबाग उतरना था, लेकिन वह साईं बाबा मंदिर पर उतर गया। उसके पीछे एक मोटरसाइकिल सवार आ रहा था और युवक के उतरते ही वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर चला गया। पुलिस संदेही की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित