भोपाल , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सुदामा नगर स्थित रिटायर्ड दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला बारीक फिलेमोन की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो प्रॉपर्टी डीलर सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से पहले दंपती से कथित रूप से धोखाधड़ी कर दानपत्र (गिफ्ट डीड) तैयार कराया और बाद में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।

भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीकांत चिंचलिया (40) और शशिकांत चिंचलिया (35) के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से बुजुर्ग दंपती के विश्वासपात्र थे और उनकी संपत्तियों की खरीद-फरोख्त का काम देखते थे।

पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले आरोपियों ने इटारसी स्थित दंपती का एक प्लॉट बिकवाया था। इसी दौरान दस्तावेज तैयार करते समय कथित रूप से ऐसा दानपत्र बनवाया गया, जिसमें दंपती की मृत्यु के बाद सुदामा नगर स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति दोनों आरोपियों के नाम करने का उल्लेख था।

जांच में सामने आया कि बाद में बुजुर्ग दंपती ने सुदामा नगर स्थित मकान बेचने का निर्णय लिया और उसका सौदा भी लगभग तय हो गया था। पुलिस का आरोप है कि इससे दानपत्र निष्प्रभावी होने की आशंका पैदा हुई और इसी कारण आरोपियों ने संपत्ति पर कब्जा करने के उद्देश्य से दंपती की हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान 20 पुलिस टीमों ने 1500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की, 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की तथा मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार अब मृतका की रिश्तेदार शिवानी बारीक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसके बैंक और निजी स्तर पर 20 लाख रुपये से अधिक के कर्ज तथा हत्या से पहले उसके खाते में छह लाख रुपये के हस्तांतरण की जानकारी सामने आई है।

पुलिस वित्तीय लेन-देन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि 26 जून को सुदामा नगर स्थित मकान से बुजुर्ग दंपती के सड़े-गले शव बरामद हुए थे, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित