बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में सड़क निर्माण के लिए नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए अपने पूर्व कर्मचारी के मकान के अतिक्रमित हिस्से को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई इटारसी रोड स्थित इंदिरा वार्ड में सतपाल आश्रम के सामने की गई, जहां सेवानिवृत्त सहायक राजस्व निरीक्षक (एआरआई) कुन्नूलाल पल्लेवर के दो मंजिला मकान का वह हिस्सा हटाया गया, जो प्रस्तावित सड़क निर्माण की जद में आ रहा था।

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार संबंधित परिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में कई नोटिस जारी किए गए थे। अंतिम नोटिस में 72 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर नगर पालिका ने बुलडोजर चलाकर निर्माण हटाया।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे राजस्व निरीक्षक मदन विनोदकर ने बताया कि पल्लेवर परिवार का लगभग 1200 वर्गफीट क्षेत्र अतिक्रमण की जद में था। मकान दो मंजिला होने के कारण केवल जेसीबी से कार्रवाई संभव नहीं थी, इसलिए ड्रिल मशीन की सहायता से भवन के हिस्से को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका का अमला और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

नगर पालिका के अनुसार अतिक्रमण हटाए गए स्थान पर लगभग साढ़े सात मीटर चौड़ी सड़क और एक मीटर चौड़ी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 40 लाख रुपये है तथा निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। सड़क सतपाल आश्रम के सामने से इटारसी रोड तक बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने और यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने बताया कि इसी मार्ग पर पूर्व में भी कई स्थायी अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। वर्तमान में इस लाइन में केवल एक मकान बचा है, जिस पर न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त होने के कारण फिलहाल कार्रवाई नहीं की गई है। आगे की प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

नगर पालिका ने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र के रहवासियों को बेहतर सड़क सुविधा और सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित