बालोद , फरवरी 13 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बीज प्रक्रिया केंद्र में अमानक (रिजेक्ट) धान की खरीदी और 11.40 लाख रुपये के भुगतान का मामला सामने आया है। शिकायत और विवाद के बाद संबंधित किसान से पूरी राशि वापस ले ली गई। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने बीज प्रक्रिया केंद्र झलमला की जिला प्रबंधक माधुरी बाला को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरी तहसील के ग्राम खपराभाट निवासी किसान सोहन लाल कश्यप का 10.71 हेक्टेयर रकबा बीज प्रक्रिया केंद्र झलमला और धान खरीदी केंद्र देवरी में पंजीकृत है। आरोप है कि एक ही पंजीकृत रकबे के आधार पर किसान ने दोनों स्थानों पर धान की बिक्री की।

जिले में सामान्यतः प्रति एकड़ 20 से 25 क्विंटल धान उत्पादन दर्ज हो रहा है, जबकि संबंधित किसान से औसतन 33.76 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी दर्ज की गई। 10.71 हेक्टेयर भूमि के आधार पर कुल 903.99 क्विंटल धान की खरीदी का रिकॉर्ड सामने आया है, जो इस सीजन के औसत उत्पादन से कहीं अधिक है।

कलेक्टर के पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिले में इस वर्ष कहीं भी प्रति एकड़ 33.76 क्विंटल उत्पादन दर्ज नहीं हुआ है। ऐसे में यह अंतर पूरे प्रकरण को संदेहास्पद बनाता है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 10 दिसंबर को किसान ने 1263 बोरी धान बीज निगम में विक्रय के लिए भेजा। परीक्षण में 909 बोरी धान फेल घोषित कर रिजेक्ट कर दिया गया। नियमानुसार यह धान वापस किया जाना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित