सोनीपत , जून 03 -- हरियाणा में सोनीपत जिले के रेवली गांव के एक रिक्शा चालक ने कुछ युवकों पर मारपीट, जबरन वसूली का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाये हैं।
इस मामले का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मुरथल थाना पुलिस को दी शिकायत में रेवली गांव निवासी रोहित ने बताया कि वह रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके अनुसार, वह ओमेक्स सिटी सेक्टर-18 स्थित फ्लैट नंबर-243 के पास से गुजर रहा था, तभी आशीष उर्फ कायरा, हैप्पी, मोहित तथा उनके कुछ साथियों ने उसका रिक्शा रोक लिया। रोहित का आरोप है कि आरोपियों ने उससे साप्ताहिक रूप से पैसे देने की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गयी, जिससे उसे चोटें आईं। इसके बाद उसने अपना मेडिकल परीक्षण भी करवाया।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि घटना का वीडियो उसके पास मौजूद है, जिसमें कथित तौर पर उसके साथ की गयी मारपीट दिखाई दे रही है। उसने आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
रोहित के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। शिकायत में उसने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ आरोपी ओमेक्स सिटी क्षेत्र में रहते हैं और आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। इन आरोपों की हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित