बैतूल , जून 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की भैंसदेही तहसील के आदिवासी बहुल रिंगढाना गांव में हुए भीषण अग्निकांड में 15 मकान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए, जिससे 21 परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रंभा के अंतर्गत आने वाले रिंगढाना गांव में शुक्रवार रात लगभग 8.15 बजे अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने शीघ्र ही विकराल रूप धारण कर लिया और गांव के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन संसाधनों की कमी के चलते आग पर तत्काल नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के घरों में रखा अनाज, कपड़े, घरेलू उपयोग का सामान, कृषि उपकरण तथा अन्य आवश्यक सामग्री जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों के अनुसार अनेक परिवारों की वर्षों की जमा पूंजी इस दुर्घटना में समाप्त हो गई है।
घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद भैंसदेही से दमकल वाहन रवाना किया गया। गांव जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर तथा भैंसदेही से करीब 35 किलोमीटर दूर होने के कारण राहत दल को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लगा। देर रात तक आग पर काबू पाने और राहत कार्य जारी रहे।
भैंसदेही के एसडीएम अजीत मरावी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना में आठ मकानों के प्रभावित होने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में नुकसान का दायरा अधिक पाया गया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग और तहसील प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर भेजकर विस्तृत सर्वेक्षण कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित