कानपुर , अक्टूबर 18 -- रिंकू सिंह (नाबाद 118) की शतकीय पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश रविवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए में गोवा के खिलाफ 202 रन के सम्मानजक स्कोर तक पहुंचा।

आज यहां उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उत्तर प्रदेश ने अपने शुरुआती तीन विकेट 33 रन के स्कोर पर खो दिये। अभिषेक गोस्वामी (पांच), कप्तान आर्यन जुयाल (14) और करण शर्मा (शून्य) पर आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये रिंकू सिंह ने माधव कौशिक के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। 32वें ओवर में शुभम तारी ने माधव कौशिक को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। माधव कौशिक ने 96 गेंदों में पांच चौको की मदद से (45) रनों की पारी खेली। इसके बाद एक बार फिर से उप्र के बल्लेबाजों का पतझड़ शुरु हो गया। एक समय उत्तर प्रदेश ने 137 रन पर अपने नौ विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय वंश चौधरी ने रिंकू सिंह के साथ 10वें विकेट के लिए 62 रन जोड़ कर टीम का स्कोर 202 तक पहुंचा। इस दौरान रिंकू सिंह एक छोर थामे रन बनाते रहे और उन्होंने अपना शतक भी पूरा किया। वंश चौधरी ने 26 गेंदों में चार रन बनाये। रिंकू सिंह ने 186 गेंदों में 11 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 118) रनों की पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित