रायपुर , जून 18 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि कांग्रेस कमेटी द्वारा नव नियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 20 से 29 जून तक अभनपुर स्थित अग्रवाल रिसोर्ट में आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 21 जून को शामिल होंगे।

पत्रकारों से चर्चा में श्री बैज ने गुरवार को बताया कि शिविर में एआईसीसी का प्रशिक्षण विभाग जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक कार्य, फील्ड विजिट तथा सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देगा। शिविर में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट तथा प्रभारी सचिव भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि श्री गांधी 21 जून को दोपहर दो बजे रायपुर पहुंचेंगे और प्रशिक्षण स्थल पर प्रतिभागियों को संबोधित करने के बाद शाम को दिल्ली रवाना होंगे।

श्री बैज ने मंत्री केदार कश्यप द्वारा श्री गांधी को लेकर दिए गए कथित बयान को आपत्तिजनक और निंदनीय बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में छत्तीसगढ़ की पहचान धान उत्पादक राज्य से बदलकर नशे और अवैध कारोबार के केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य में रेत कारोबार को लेकर भाजपा नेताओं के बीच संघर्ष और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेत माफिया से जुड़ी हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत कारोबार में सत्ता पक्ष के लोगों की संलिप्तता के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित