नयी दिल्ली , मई 04 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत पर राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर केरल की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, "केरल के मेरे भाइयों और बहनों को इस स्पष्ट जनादेश के लिए धन्यवाद। मैं यूडीएफ के हर नेता और कार्यकर्ता को कठिन और सुव्यवस्थित अभियान के लिए बधाई देता हूं।"उन्होंने कहा कि केरल में प्रतिभा और अपार संभावनाएं हैं और अब एक दूरदर्शी यूडीएफ सरकार इन क्षमताओं को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
श्रीमती वाड्रा ने कहा कि जनता का विश्वास यूडीएफ के लिए मार्गदर्शक शक्ति बनेगा और आने वाले पांच वर्षों में ईमानदारी तथा विनम्रता के साथ किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
वायनाड से सांसद श्रीमती वाड्रा ने क्षेत्र की जनता का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि वहां यूडीएफ को सातों सीटों पर मिली जीत जनता के मजबूत विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी प्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
उन्होंने यूडीएफ के कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से एकजुट और प्रगतिशील केरल का संदेश घर-घर तक पहुंचा है और जनता की सेवा का संकल्प आगे और मजबूत होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित