नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शहीद दिवस पर शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके शहीद स्थल 30 जनवरी मार्ग जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "आज शहीद दिवस पर 30 जनवरी मार्ग पर महात्मा गांधी जी के जीवन और बलिदान को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। सत्य, साहस और करुणा की उनकी विरासत हमारा मार्गदर्शन करती है और हमें उनके सपनों के न्यायसंगत, सामंजस्यपूर्ण और एकजुट बनाने भारत की प्रेरणा देता है जिसके लिए हमें प्रयास करते रहना चाहिए।"उन्होंने लिखा, "महात्मा गांधी एक व्यक्ति नहीं, एक सोच हैं - वह सोच जिसे कभी एक साम्राज्य ने, कभी एक नफ़रत की विचारधारा ने और कभी अहंकारी सत्ता ने मिटाने की असफल कोशिश की। मगर राष्ट्रपिता ने हमें आजादी के साथ यह मूलमंत्र दिया कि सत्ता की ताकत से बड़ी सत्य की शक्ति होती है और हिंसा एवं भय से बड़े अहिंसा और साहस। यह सोच मिट नहीं सकती, क्योंकि गांधी भारत की आत्मा में अमर हैं। बापू को उनके शहीदी दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि।"महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को यहां बिड़ला हाउस में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस स्थल का नाम अब गांधी स्मृति है। यह दिन शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है और इस स्थान को एक स्मारक के रूप में संरक्षित किया गया है। इस सड़क का नाम तीस जनवरी मार्ग रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित