नयी दिल्ली , अक्टूबर 12 -- कांग्रेस नेता विपक्ष राहुल गांधी ने विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों और इंडिया गठबंधन के नेताओं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि देश की जनता डरने वाली नहीं है और सरकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
श्री गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आंदोलन का समर्थन करने वाले करोड़ों लोगों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण था, क्योंकि इसके जरिए सरकार को यह संदेश दिया गया कि जनता को डराकर उसकी आवाज दबायी नहीं जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोधियों को धमकाने और डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन विपक्ष इससे पीछे हटने वाला नहीं है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए श्री गांधी ने सवाल किया कि उनके युवा साथियों के साथ कथित मारपीट करने वाले लोग विरोध प्रदर्शन के दौरान कहां थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता और ताकत के दम पर लड़ना आसान है, लेकिन सामने आकर मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह अलग-अलग प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक ही आंदोलन है, जिसमें सभी लोग एकजुट होकर खड़े हैं। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि संविधान को नुकसान पहुंचाने और लोकतंत्र को कुचलने वालों के खिलाफ लड़ाई में वे एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने प्रदर्शन में शामिल नागरिक समाज संगठनों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरे सभी लोगों का भी धन्यवाद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित