हजारीबाग , अगस्त 22 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में आज अहले सुबह पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सदस्य पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल दोनों अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 21 और 22 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सक्रिय सदस्य गिद्दी थाना क्षेत्र के कोयला खनन एवं ट्रांसपोर्टिंग इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने उरीमारी ओपी प्रभारी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के सशस्त्र बल के साथ बुकरु गांव के जंगल और गिद्दी-भुरकुंडा रोड स्थित पुराने कांटा घर के पास जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान रात करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई और तीनों अपराधी जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने सुरक्षित आड़ लेते हुए उन्हें हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन अपराधी रुक-रुक कर फायरिंग करते रहे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए।
घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। बादल के दाहिने पैर में घुटने के पास और मोहित के बाएं पैर में एड़ी के ऊपर गोली लगी है। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और रामगढ़ जेल में बंद दीपक करमाली उर्फ नेपाली के कहने पर गिद्दी क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए भय और दहशत फैलाने पहुंचे थे। उन्हें कोयला खनन क्षेत्र और ट्रांसपोर्टिंग रोड पर चलने वाले हाईवा वाहनों पर फायरिंग करने के लिए हथियार और गोलियां दी गई थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो देशी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां, एक मिसफायर गोली, चार खोखे, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे बरामद किए हैं।
गिरफ्तार बादल कुमार रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित हनुमानगढ़ी, सीसीएल कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि मोहित कुमार उर्फ पीटर रामगढ़ जिले के बासल थाना क्षेत्र के रसदा गांव का निवासी है।
कार्रवाई का नेतृत्व एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद ने किया।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक बड़कागांव अंचल शाहिद रजा, गिद्दी थाना प्रभारी मो. ईकबाल हुसैन, मुफ्फसिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, उरीमारी ओपी प्रभारी रंथु उरांव समेत गिद्दी थाना के सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा एवं संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे।
हजारीबाग पुलिस ने बताया कि फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस कार्रवाई को कोयला क्षेत्र में लेवी वसूली और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मान रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित