चेन्नई , सितंबर 23 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तीन अक्टूबर को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में छात्रों से बातचीत करेंगे।
"मानवरगलिन कुरल" (छात्रों की गूंज) नाम का यह कार्यक्रम कांग्रेस द्वारा नीट परीक्षा के खिलाफ अपने अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
श्री गांधी इस मुद्दे पर राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में छात्रों से बातचीत करते रहे हैं और इसी सिलसिले में वे छात्रों और युवाओं के साथ खुली बातचीत के लिए चेन्नई का दौरा करेंगे।
चेन्नई कार्यक्रम में पूरे तमिलनाडु से छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें श्री गांधी नीट और चिकित्सा शिक्षा, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर उनकी राय और चिंताएं सुनेंगे।
तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) अध्यक्ष और लोकसभा सांसद बी. मणिकम टैगोर के अनुसार समिति आइलैंड ग्राउंड्स में कार्यक्रम की व्यवस्था कर रही है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम नीट मुद्दे पर छात्रों के साथ श्री गांधी की चल रही बातचीत और परीक्षा के प्रति पार्टी के विरोध का हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित