रायपुर/अंबिकापुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर निशाना साधा है और कहा है कि श्री गांधी जहां-जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का क्या हश्र होता है, यह पूरा देश अच्छी तरह जानता है।

श्री साय ने रविवार को अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर यह टिप्पणी की। गौरतलब है कि कांग्रेस के इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री गांधी रविवार को शामिल हो रहे हैं।

कांग्रेस द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को दूसरा दिन है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री गांधी रायपुर पहुंचकर करीब साढ़े पांच घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह जिला अध्यक्षों तथा संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे और आगामी राजनीतिक चुनौतियों तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

कांग्रेस के अनुसार प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त बनाना तथा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। शिविर में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति सहित विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित